

Team The YuvaTime
21 October 2020
मुश्किल में फंसी कंगना रनौत! देशद्रोह मामले में मुंबई पुलिस ने पेश होने के लिए कहा
अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन को मुंबई पुलिस ने देशद्रोह के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कंगना और रंगोली चंदेल को 26 और 27 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। दोनों के खिलाफ पिछले सप्ताह मुंबई मजिस्ट्रेट की अदालत के एक आदेश के बाद एक एफआईआर दर्ज की गई थी।
कंगना पर एक कास्टिंग डायरेक्टर ने आरोप लगाया है कि वो बॉलीवुड को बदनाम करने के अलावा सांप्रदायिक के रूप से लोगों को बांटने का काम कर रही हैं। इस पर अदालत ने कहा कि एक विशेषज्ञ द्वारा गहन जांच आवश्यक है। कंगना सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले पर अपनी टिप्पणियों और मुंबई में अराजकता का आरोप लगाकर सुर्ख़ियों में आईं। वे पिछले महीने मुंबई गईं थीं। इसके बाद वो अपने गृहनगर मनाली वापस चली गई थीं।

महाराष्ट्र की सत्ताधारी पार्टी शिवशेना से वो लगातार भिड़तीं रही हैं। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के साथ देश की वित्तीय राजधानी मुंबई की तुलना करने के बाद शिवसेना और कंगना के बीच लड़ाई तेज हो गई थी। उन्होंने दावा किया था कि मुंबई में रहने में उन्हें डर लगता है। इसके बाद बीएमसी द्वारा पाली हिल्स इलाके में बने हुए उनके ऑफिस में तोड़फोड़ की गई थी।